दिग्गज अभिनेता और मशहूर होस्ट शेखर सुमन एक बार फिर अपने नए लेट-नाइट शो ‘शेखर टुनाइट’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के ट्रेलर और पोस्टर लॉन्च इवेंट में शेखर ने न सिर्फ अपने नए डिजिटल सफर के बारे में बात की, बल्कि राजनीति में अपने बेहद छोटे जुड़ाव को लेकर भी खुलकर बयान दिया। उनके साफ और बेबाक अंदाज़ ने इवेंट में मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान शेखर सुमन ने BJP से जुड़ने और फिर जल्द ही अलग होने के फैसले पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ़ 24 घंटे के लिए शामिल हुआ था। कभी-कभी इंसान परिस्थितियों में फैसले ले लेता है और बाद में एहसास होता है कि वह उसके स्वभाव या सोच से मेल नहीं खाता। मैं खुद को किसी राजनीतिक पार्टी से जोड़कर नहीं देख सकता, खासकर तब जब मैं एक ऐसा शो कर रहा हूँ जहां निष्पक्षता जरूरी है।” शेखर का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं।
इवेंट का सबसे भावुक पल तब देखने को मिला जब शेखर ने अपने बेटे अध्ययन सुमन की जमकर तारीफ की। ‘शेखर टुनाइट’ का निर्देशन अध्ययन ने किया है और ट्रेलर देखने के बाद शेखर खुद काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाज़ा ही नहीं था कि उनका बेटा इतनी खूबसूरती से इस शो को पेश करेगा। शेखर ने अध्ययन को बेहतरीन निर्देशक, एडिटर और म्यूजिक की शानदार समझ रखने वाला कलाकार बताया। पिता-पुत्र की यह बॉन्डिंग इवेंट की सबसे खास बातों में शामिल रही।
दिलचस्प बात यह है कि ‘शेखर टुनाइट’ पारंपरिक टीवी फॉर्मेट से अलग एक डिजिटल-फर्स्ट शो होगा। यह शो सीधे शेखर सुमन के YouTube चैनल पर स्ट्रीम किया जाएगा। आज के दौर में जहां कई बड़े सितारे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की ओर रुख कर रहे हैं, वहीं शेखर का यह कदम भी इंडिपेंडेंट कंटेंट की बढ़ती ताकत को दिखाता है। शो को धर्मेश संगानी ने ‘संगानी ब्रदर्स’ और ‘कॉबल्ड स्ट्रीट’ बैनर के तहत प्रोड्यूस किया है, जबकि इसके नए एपिसोड्स 15 मई से हर शुक्रवार रिलीज किए जाएंगे।
भावनाओं, सच्चाई और एंटरटेनमेंट के अनोखे मिश्रण के साथ ‘शेखर टुनाइट’ पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर चुका है। लंबे समय बाद शेखर सुमन को उनके पुराने होस्टिंग अंदाज़ में देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। वहीं राजनीति को लेकर उनका साफ नजरिया और बेटे के लिए गर्व से भरे शब्द इस लॉन्च इवेंट को सिर्फ एक शो प्रमोशन नहीं, बल्कि एक बेहद निजी और यादगार पल बना गए!